दैनिक खबरनामा। लालडू (मोहाली), 01 नवंबर: मोहाली के लालडू में नगर परिषद की दुकानों में लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जो व्यापारी 18 साल से किरायेदार के तौर पर दुकान चला रहे हैं, वे अब उसी दुकान के मालिक बन सकेंगे। इसके लिए नगर परिषद ने ‘मेरी दुकान मेरे नाम’ योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं।
नगर परिषद के अनुसार इच्छुक दुकानदारों को जरूरी कागजातों के साथ अपना आवेदन 6 नवंबर 2026 तक नगर परिषद कार्यालय में जमा कराना होगा। प्रशासन ने साफ किया है कि तय तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
कौन कर सकेगा आवेदन
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं किरायेदारों को मिलेगा जिन्होंने नगर परिषद की दुकान 1 अप्रैल 2008 से पहले या इसी तारीख तक किराये पर ली हो और 1 अप्रैल 2020 तक लगातार उसी दुकान में किरायेदार के रूप में बने रहे हों।
यानी इस योजना के लिए पात्रता का मुख्य आधार दुकान में किरायेदारी की निरंतरता और लंबी अवधि है। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले दुकानदार ही आवेदन कर सकेंगे।
इस योजना से दुकानदारों को बड़ी स्थायी राहत मिलेगी और वे अपने व्यवसाय को लेकर भविष्य की योजनाएं अधिक आत्मविश्वास के साथ बना सकेंगे।
दस्तावेजों से होगी पात्रता की जांच
दुकान कब किराये पर ली गई और तय अवधि तक किरायेदारी लगातार रही या नहीं, इसकी जांच दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी। मालिकाना हक के लिए कितनी राशि देनी होगी और अन्य वित्तीय नियम व आगे की प्रक्रिया क्या होगी, वह सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के प्रावधानों के अनुसार लागू होगी।