दैनिक खबरनामा । डोडा, 1 जुलाई : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले की भलेसा पट्टी के कलालगीसर क्षेत्र में बुधवार को भारी बारिश के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर बादल फट गए। इससे अचानक आई बाढ़ और मलबे के तेज बहाव ने कई मार्गों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इलाके में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश पर प्रशासन की कड़ी नजर है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश का सिलसिला जारी रहने से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं और आवाजाही और प्रभावित हो सकती है।
मलबे के ढेर से ठप हुआ यातायात
बाढ़ के साथ बहकर आए पत्थर और मलबे की वजह से भलेसा पट्टी के कई गांव मुख्य इलाकों से कट गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम साफ होते ही सड़कों से मलबा हटाने और मार्ग बहाल करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में गैर-जरूरी आवागमन से परहेज करें। जब तक रास्ते पूरी तरह नहीं खुल जाते, तब तक सभी सरकारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।