दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 12 जुलाई: अमेरिका के साथ हुए कृषि समझौते के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राजेवाल धड़े ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस रैली की वजह से शहर के कई अहम मार्गों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आवाजाही में बदलाव किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक प्रभावित रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें। जरूरत न हो तो इन घंटों में इन इलाकों में जाने से बचें।
इससे पहले शुक्रवार को भी भारतीय किसान यूनियन के उगराहां गुट ने चंडीगढ़ में धरना दिया था। उस प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। उस दिन एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को एक से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसना पड़ा था।
किन-किन रास्तों पर रहेगा असर
1. हिमालय मार्ग
सेक्टर-51/52 के लाइट प्वाइंट से आईएसबीटी सेक्टर-43 चौक तक, और साउथ एंड चौक यानी सेक्टर-34/35-43/44 चौराहे से पिकाडिली चौक यानी सेक्टर-21/22-34/35 तक। इस रूट में अरोमा लाइट प्वाइंट भी शामिल है।
2. दक्षिण मार्ग
पिकाडिली चौक सेक्टर-21/22-34/35 से सेक्टर-20/21-33/34 चौक तक। इस दौरान किसान भवन चौक और गुरुद्वारा चौक यानी सेक्टर-20/30-32/33 भी डायवर्जन के दायरे में रहेंगे।
3. सरोवर पथ
सेक्टर-20/21-33/34 चौराहे से सेक्टर-33/34-44/45, फिर सेक्टर-44/45-50/51 यानी गौशाला चौक होते हुए सेक्टर-50/51 से मोहाली बैरियर तक आंशिक बंदिश रहेगी। साथ ही सेक्टर-20/21 का लाइट प्वाइंट और सेक्टर-45/46-49/50 चौक पर भी यातायात धीमा रह सकता है।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हालात के हिसाब से रूट में और बदलाव भी किए जा सकते हैं। लोगों से अनुरोध है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लें।