दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 26 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को चंडीगढ़ भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम से कांग्रेस भवन की तरफ मार्च निकाला। सेक्टर-34 से होते हुए प्रदर्शनकारी जब सेक्टर-35 की ओर बढ़े तो आकाशवाणी केंद्र के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया।
कांग्रेस भवन की ओर जाने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारी बैरिकेड लांघने का प्रयास करने लगे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और कथित बयान पर अपना विरोध जताते रहे।
भाजपा नेताओं ने जताई नाराजगी
भाजपा के प्रदेश महासचिव रामवीर भट्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन किसी के परिवार और दिवंगत पिता को निशाना बनाना भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मुकाबला विचारों, नीतियों और जनसेवा के आधार पर होना चाहिए।
सरकार की नीतियों की तथ्यों और तर्कों के आधार पर आलोचना हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की अपील की।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पंचाल, इंदिरा सिंह और देविंदर बबला, प्रदेश महासचिव संजीव राणा, शक्ति प्रकाश देवशाली, मीडिया समन्वयक रवि रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभय झा, जिला अध्यक्ष रविंदर मलिक समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।