दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 5 अगस्त 2026. पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामले मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने रोज़गार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समानता को विकास का मजबूत आधार बनाकर राज्य के भविष्य को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा आत्मनिर्भर, समृद्ध और समान अवसरों वाला पंजाब बनाना है, जहां प्रत्येक युवा को अपने ही राज्य में सम्मानजनक रोज़गार और प्रत्येक बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध हो।
पंजाब विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि लंबे समय से बेहतर रोज़गार की तलाश में युवाओं का विदेशों की ओर पलायन राज्य के लिए बड़ी चुनौती रहा है। पिछले चार वर्षों में सरकार ने बड़े पैमाने पर रोज़गार के अवसर पैदा कर इस प्रवृत्ति को बदलने की ठोस शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक समान रूप से पहुंचे।
उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि गांव फकरसर के 25 युवाओं को पिछले चार वर्षों में रोज़गार मिला है, जिनमें 20 अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने तीन वर्षों तक अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्तियां रोककर उनके भविष्य के साथ अन्याय किया, जबकि वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालते ही इस योजना को फिर से शुरू किया और लाभार्थियों की संख्या में 35 प्रतिशत की वृद्धि की। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 10 लाख से अधिक अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि 10 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती केवल सरकारी नियुक्तियां नहीं हैं, बल्कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की ऐतिहासिक पहल है। इससे हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
डॉ. बलजीत कौर ने सरकारी विद्यालयों में हो रहे व्यापक सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और रोज़गार का संबंध अटूट है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही स्थायी आजीविका, सामाजिक उन्नति और समृद्ध समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के सरकारी विद्यालयों का स्तर लगातार बेहतर हुआ है, जिसके कारण हर वर्ग के बच्चों को समान गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त हो रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोज़गार, शिक्षा और सामाजिक न्याय को एक-दूसरे से जोड़ते हुए प्रत्येक नागरिक के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी सोच के बल पर आत्मनिर्भर, समृद्ध और फिर से रंगले पंजाब का निर्माण किया जा रहा है।