दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 05 अगस्त 2026. पंजाब सरकार राज्य में बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय में स्थायी बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए सहायक कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को चंडीगढ़ में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मधुमक्खी पालन, रेशम पालन और खुंभ उत्पादन से संबंधित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ फसली विविधता अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन, रेशम पालन और खुंभ उत्पादन जैसी गतिविधियां किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का मजबूत माध्यम बनने के साथ-साथ बागवानी क्षेत्र को भी नई मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मोहिंदर भगत ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसान हित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
बैठक में विभाग से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के हित से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि सरकार की किसान कल्याण और बागवानी विकास संबंधी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।