दैनिक खबरनामा | | 5 अगस्त 2026 : गुरुग्राम
हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की लगातार अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नियमित वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे स्कूटी चालक को पकड़ा, जिसकी स्कूटी पर 96 चालान लंबित मिले। हैरानी की बात यह रही कि करीब 50 हजार रुपये कीमत वाली इस स्कूटी पर बकाया चालानों की कुल राशि लगभग 10 लाख रुपये पहुंच चुकी थी। रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल स्कूटी को जब्त कर लिया।
रॉन्ग साइड और बिना हेलमेट चला रहा था स्कूटी
पुलिस के अनुसार, राजीव चौक पर जोनल अधिकारी एएसआई विजय सिंह अपनी टीम के साथ नियमित ट्रैफिक चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को बिना हेलमेट पहने राजीव चौक से मेदांता अस्पताल की ओर रॉन्ग साइड से स्कूटी चलाते हुए देखा। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने उसे मौके पर रोक लिया।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
पूछताछ के दौरान चालक की पहचान प्रशांत के रूप में हुई। पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटी का नंबर ऑनलाइन सिस्टम में जांचा, जहां वाहन का रिकॉर्ड देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
96 चालान, करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना
जांच में सामने आया कि स्कूटी पर कुल 96 ई-चालान लंबित हैं और इनकी कुल बकाया राशि लगभग 10 लाख रुपये है। इतनी बड़ी संख्या में चालान लंबित मिलने के बाद पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।