दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 7 अगस्त 2026. कुराली के सरकारी अस्पताल को अपग्रेड करने की मांग पर पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल की मौजूदा पुरानी इमारत को गिराकर नई इमारत बनाने के लिए लगभग 15.81 करोड़ रुपये का लागत अनुमान तैयार किया गया है। यह मामला वित्तीय सहायता योजना वर्ष 2026-27 के तहत प्रशासनिक मंजूरी के लिए विचाराधीन है। प्रशासनिक मंजूरी और धनराशि उपलब्ध होने के बाद नियमों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नई इमारत के निर्माण में लगभग दो वर्ष लगने की संभावना है।
यह मुद्दा खड़ड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाया। उन्होंने बताया कि कुराली का सरकारी अस्पताल वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है और कुराली शहर सहित आसपास के 100 से अधिक गांवों की आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। उन्होंने अस्पताल को बड़े स्तर पर अपग्रेड करने के साथ यहां जच्चा-बच्चा केंद्र और ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की मांग रखी।
ट्रॉमा सेंटर के लिए फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जवाब में बताया कि कुराली से लगभग 25 किलोमीटर दूर चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में ट्रॉमा सेंटर पहले से कार्यरत है, जहां कुराली और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आपातकालीन उपचार की सुविधा मिल रही है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ट्रॉमा सेंटरों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखना जरूरी है। इसी नीति के चलते कुराली में नया ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का कोई प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन नहीं है।
आसपास के अस्पतालों में उपलब्ध हैं स्वास्थ्य सुविधाएं
सरकार के अनुसार कुराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल एसएएस नगर लगभग 20 किलोमीटर, जिला अस्पताल रूपनगर लगभग 18 किलोमीटर और उपमंडलीय अस्पताल खड़ड़ लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। इन अस्पतालों में द्वितीयक स्तर की आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
वहीं, जच्चा-बच्चा सेवाओं के संबंध में सरकार ने बताया कि कुराली के आसपास स्थित सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल एसएएस नगर, जिला अस्पताल रूपनगर और उपमंडलीय अस्पताल खड़ड़ में ये सेवाएं पहले से उपलब्ध हैं। इसलिए कुराली में अलग जच्चा-बच्चा केंद्र स्थापित करने का भी फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।
हादसों को देखते हुए उठी थी ट्रॉमा सेंटर की मांग
विधायक अनमोल गगन मान ने विधानसभा में कहा था कि कुराली अस्पताल चंडीगढ़ पीजीआई से हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर की सुविधा नहीं होने के कारण घायलों को उपचार के लिए दूर ले जाना पड़ता है। साथ ही उन्होंने अस्पताल की पुरानी इमारत को देखते हुए मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए नई इमारत को जरूरी बताया था।
सरकार ने हालांकि यह स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कुराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी हैं और नई इमारत के निर्माण की प्रक्रिया प्रशासनिक मंजूरी एवं धनराशि उपलब्ध होने के बाद आगे बढ़ाई जाएगी।