दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन हुआ। पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
इस मौके पर केसरिया पगड़ी में नजर आए प्रशासक ने अपने संबोधन में दो बड़े मुद्दों पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कटारिया के अनुसार अब तक नशा तस्करी से जुड़े करीब 70 हजार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है और यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
चंडीगढ़ को लेकर भी उन्होंने बड़ा वादा किया। प्रशासक ने कहा कि शहर और आसपास के इलाकों में रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को छुटकारा दिलाना प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से जीरकपुर मार्ग का जिक्र करते हुए कहा कि यहां घंटों लगने वाले जाम की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा ताकि चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों को राहत मिले।
समारोह में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति गीतों पर नृत्य पेश किए। चंडीगढ़ पुलिस के जवानों ने परेड के दौरान आकर्षक मार्च और करतब दिखाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
स्वतंत्रता दिवस के चलते शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल को जगह-जगह तैनात किया गया था।
समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, गणमान्य लोग और आम नागरिक शामिल हुए।