दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 29 अक्टूबर 2026. पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। इसी दिशा में तरनतारन जिले में लगभग 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा अंबेडकर भवन निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। भवन का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैला यह तीन मंजिला भवन करीब 23,120 वर्ग फुट में बनाया जा रहा है। इसमें व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, शिक्षक कक्ष, जिला एवं तहसील सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारियों के कार्यालय और एक विशाल बहुउद्देशीय हॉल बनाया गया है। पहली मंजिल पर सम्मेलन कक्ष, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कमरे, रसोईघर और भंडार कक्ष की व्यवस्था की गई है। दूसरी मंजिल पर पुस्तकालय, अभिलेख कक्ष, अतिथि कक्ष और अधिकारियों के कार्यालय बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनता को समर्पित किए जाने के बाद यह भवन कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण, संगोष्ठियों, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों, पुस्तक अध्ययन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे लोगों को प्रशिक्षण और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि अंबेडकर भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम होगा। यह भवन नई पीढ़ी को बाबा साहेब के विचारों से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और समावेशी विकास को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ऐसी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जो समाज के हर वर्ग को समान अवसर प्रदान करने और एक समावेशी, प्रगतिशील एवं रंगला पंजाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सपनों को साकार करने, सामाजिक न्याय को मजबूत बनाने और जनकल्याणकारी विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।