दैनिक खबरनामा | 17 अगस्त | नई दिल्ली: एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान में पायलट के कथित ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद शुरू हुई आंतरिक जांच में दो और पायलट शुरुआती ड्रग स्क्रीनिंग में मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों पायलटों को फिलहाल ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया गया है। अब उनके अंतिम परीक्षण की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली उड़ान की घटना के बाद अपने सभी पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग कराने का निर्णय लिया था। यह जांच एयरलाइन की नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत की जा रही है। अब तक 300 से अधिक पायलटों के टेस्ट किए जा चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम जांच रिपोर्ट आने में आमतौर पर 24 से 48 घंटे का समय लग सकता है।
केबिन क्रू की शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI2379 में तैनात केबिन क्रू के एक सदस्य ने शिकायत की थी। आरोप था कि उड़ान से पहले पायलट ने कथित तौर पर गांजा का सेवन किया था। शिकायत के आधार पर पायलट की ड्रग जांच कराई गई, जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट पॉजिटिव होने की बात सामने आई।
हालांकि, किसी कर्मचारी के खिलाफ अंतिम कार्रवाई केवल अंतिम टेस्ट रिपोर्ट और पूरी जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही तय की जाएगी।
टर्बुलेंस में करीब 300 फीट नीचे आया था विमान
यह पूरा मामला 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI2379 में हुई टर्बुलेंस की घटना से जुड़ा है। एयरबस A320 विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सहित कुल 145 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान विमान अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना में करीब 24 लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद विमान के पायलट-इन-कमांड का ड्रग टेस्ट कराया गया था। उसके टेस्ट की प्रारंभिक रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आने के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग शुरू करने का फैसला किया।
पॉजिटिव टेस्ट पर क्या है नियम?
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों के मुताबिक, किसी पायलट या विमानन कर्मचारी के मादक पदार्थों के सेवन की जांच पॉजिटिव आने पर उसे नशामुक्ति कार्यक्रम में भेजा जा सकता है। दूसरी बार पॉजिटिव पाए जाने पर संबंधित पायलट का लाइसेंस तीन वर्ष के लिए निलंबित किया जा सकता है। वहीं, तीसरी बार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस रद्द किए जाने का प्रावधान है।
फिलहाल एयर इंडिया के दोनों पायलटों के अंतिम टेस्ट परिणाम आने बाकी हैं। रिपोर्ट मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।