दैनिक खबरनामा। नाहन, 18 अगस्त: जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के मातर गांव में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। यहां एक स्कूल उफनती नदी और पहाड़ी से उतर रहे तेज नाले के बीच घिर गया था। होमगार्ड के जवानों ने सूझबूझ से काम लेते हुए 43 छात्रों और 12 स्टाफ सदस्यों को सकुशल बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार मातर स्कूल परिसर के पास पानी का स्तर अचानक बढ़ गया। दोपहर 3 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि स्कूल के बच्चे और स्टाफ अंदर फंसे हैं। खबर मिलते ही एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने तुरंत बचाव कार्य के निर्देश दिए।

इसके बाद आपदा प्रबंधन की टीमें, पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। एक ओर नदी का उग्र बहाव और दूसरी ओर जंगल की तरफ से आ रहा पहाड़ी नाला खतरा बढ़ा रहा था। इसके बावजूद जवानों ने वैकल्पिक रास्ता बनाकर करीब तीन घंटे तक अभियान चलाया।

होमगार्ड कर्मियों ने एक-एक कर सभी 43 विद्यार्थियों और 12 स्टाफ सदस्यों को बाहर निकाला। जिला प्रशासन के अनुसार दोपहर बाद से सिरमौर में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण हालात संवेदनशील बने हुए थे।
बच्चों के सुरक्षित लौटने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद अभिभावकों और ग्रामीणों ने होमगार्ड के जवानों की तत्परता और हिम्मत की खुलकर तारीफ की। प्रशासन ने भी बचाव दल के प्रयासों को सराहनीय बताया है।