दैनिक खबरनामा। गुवाहाटी, 26 अक्टूबर: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक होटल के पास अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में एक महिला समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों में होटल के कर्मचारी और स्टाफ भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलास इन होटल के पास हुई वारदात
यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे होटल बिलास इन के पास कल्याण ज्वेलर्स के आउटलेट के पास स्थित एक व्यस्त गली में हुई। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को मौके से अब तक चार शव मिले हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि जांच के दौरान मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। शुरुआती जांच के मुताबिक घटना में कम से कम पांच लोगों को गोली लगी है।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही फायरिंग के पीछे की वजह साफ हो पाई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।