दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 27 अक्टूबर : चंडीगढ़ में लंबे समय बाद रैपिडो का एग्रीगेटर लाइसेंस बहाल कर दिया गया है। ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने कंपनी की अपील पर सुनवाई के बाद यह फैसला दिया है। इससे रैपिडो की सेवाएं जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है।
अब यात्री मोबाइल फोन पर ऐप के जरिए कैब और बाइक टैक्सी बुक कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि फिलहाल शहर में वैध एग्रीगेटर लाइसेंस रखने वाला वह इकलौता प्लेटफॉर्म है। कंपनी के मुताबिक स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) के आदेश के खिलाफ उसने अपील दायर की थी।
ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने सभी पक्षों को सुनवाई का पूरा मौका देने के बाद कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाया और लाइसेंस बहाल कर दिया। जून से अगस्त के बीच चंडीगढ़ में चल रहे प्रमुख एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स के लाइसेंस सस्पेंड किए गए थे।
रैपिडो का कहना है कि लाइसेंस बहाल होने से यात्रियों को किफायती ट्रांसपोर्ट सेवाएं मिलती रहेंगी। साथ ही प्लेटफॉर्म से जुड़े कैप्टन्स के रोजगार और कमाई के मौके भी बने रहेंगे।
नियमों के पालन पर जोर
रैपिडो के ऑपरेशंस डायरेक्टर सुनील शाह ने फैसले का स्वागत करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कंपनी लागू नियमों का पालन करते हुए यात्रियों को सुविधाजनक और किफायती सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी शहर की ट्रांसपोर्ट जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रशासन और संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करती रहेगी।