दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 02 नवंबर: सेक्टर-42 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के कर्मचारियों को पिछले करीब दो महीनों से वेतन नहीं मिला है। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भी भुगतान न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने सोमवार को काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने के कारण घर का खर्च चलाना, बच्चों की फीस भरना और त्योहार मनाना भी मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों के अनुसार, चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से 5 नवंबर तक वेतन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन कॉलेज स्तर पर भुगतान को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इस मुद्दे को लेकर कर्मचारियों ने कॉलेज प्रिंसिपल से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन उन्हें तुरंत मिलने का मौका नहीं मिला और दोपहर बाद आने को कहा गया।
वहीं, कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट ने कर्मचारियों को बताया कि डायरेक्टर हायर एजुकेशन (डीएचई) की ओर से वेतन जारी करने को लेकर अभी तक कोई आदेश नहीं आया है। कर्मचारियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमित रूप से ड्यूटी करने के बाद भी समय पर वेतन न मिलना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग से बकाया वेतन जल्द से जल्द जारी करने की अपील की है।