दैनिक खबरनामा | मोहाली, 5 नवंबर 2026. भारतीय हॉकी टीम ने हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताब के लिए भारत का मुकाबला 5 नवंबर को जापान से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रही थीं। वहीं, कांस्य पदक के लिए मलेशिया और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे।

मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम भारतीय टीम की इस शानदार जीत का गवाह बना। खास बात यह रही कि स्टेडियम ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबले की मेजबानी की और इस आयोजन के साथ वैश्विक खेल मानचित्र पर अपनी पहचान दर्ज कराई।

इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इनके अलावा विश्व कप विजेता हॉकी कप्तान अजीतपाल सिंह, असलम शेर खान, जफर इकबाल, ओलंपियन बलबीर सिंह रंधावा, राजिंदर सिंह सीनियर, रानी रामपाल, सरदार सिंह, बलजीत सिंह ढिल्लों, राजपाल सिंह, प्रभज्योत सिंह, दीपक ठाकुर और महान हॉकी खिलाड़ी स्वर्गीय बलबीर सिंह सीनियर के पोते कबीर सिंह ने भी मैच का आनंद लिया।

मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शिलानंद लाकड़ा ने चौथे मिनट में फील्ड गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि, दक्षिण कोरिया ने नौवें मिनट में संजुन हान के गोल से बराबरी कर ली, लेकिन इसके तुरंत बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि शिलानंद लाकड़ा ने 13वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा।

भारत का आक्रामक खेल यहीं नहीं थमा। सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने 21वें मिनट में लगातार फील्ड गोल करके स्कोर 5-1 कर दिया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 25वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त 6-1 कर दी। अंगद बीर सिंह ने 36वें मिनट में सातवां गोल किया, जबकि विवेक सागर प्रसाद ने 54वें मिनट में आठवां गोल दागकर भारत की 8-1 से शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।

दूसरे सेमीफाइनल में जापान और मलेशिया के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में जापान ने 5-3 से बाजी मारते हुए फाइनल का टिकट कटाया। जापान की ओर से काज़ुमासा मात्सुमोतो, र्योमा ओओका, सुबासा तनाका, हारुकी ओचाई और सेरेन तनाका ने गोल किए, जबकि मलेशिया के लिए एमान रोज़ेमी, शैलो सिल्वेरियस और अबू कमाल अज़राई ने सफलता हासिल की।

इससे पहले खेले गए मुकाबले में चीन ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया। चीन की ओर से यूलाई झाओ ने 10वें, याकी वांग ने 18वें और कप्तान चोंगकोंग चेन ने 22वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए गोल किया। बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल 48वें मिनट में शोहानुर मोहम्मद रहमान ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

विश्व कप से ठीक पहले ईरानी प्रशंसकों को झटका, टिकट आवंटन वापस लिए जाने का दावा

दैनिक खबरनामा। तेहरान, 9 जून : फीफा विश्व कप शुरू होने से…
Share to :

प्रेमानंद महाराज के दर्शन के दौरान विराट-अनुष्का पर उठे सवाल, वीआईपी ट्रीटमेंट को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल

दैनिक खबरनामा। नई दिल्ली, 3 जून :  आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स…
Share to :

वैभव का बड़ा कमाल: 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम का टिकट, भारतीय क्रिकेट को मिला नया सितारा

दैनिक खबरनामा / स्पोर्ट्स ब्यूरो /  नई दिल्ली / 06 जून 2026.…
Share to :

फीफा वर्ल्ड कप से लेकर महिला विश्व कप तक, भारत में फुटबॉल का नया युग; ज़ी ने हासिल किए बड़े प्रसारण अधिकार

दैनिक खबरनामा | नई दिल्ली, 1 जून : भारतीय खेल प्रसारण उद्योग…
Share to :