दैनिक खबरनामा 17 अप्रैल 2026 चंडीगढ़ PGIMER Chandigarh में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 20 अप्रैल से एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर (ANC) की शुरुआत की जा रही है। इस नए सेंटर के शुरू होने के साथ ही न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी से जुड़ी सभी सेवाओं को एक ही छत के नीचे शिफ्ट किया जाएगा। इसके चलते शनिवार दोपहर बाद से नई ओपीडी में चल रही न्यूरो सेवाएं बंद कर दी जाएंगी और उन्हें ANC बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाएगा।
नए सेंटर में मरीजों को न्यूरोलॉजी से संबंधित सभी जांच और इलाज की सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। यहां CT स्कैन, MRI, ब्लड टेस्ट जैसी आधुनिक जांच सेवाएं उपलब्ध होंगी। करीब 300 बेड की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक सेंटर को लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जिससे गंभीर न्यूरो मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।अस्पताल प्रशासन के अनुसार OPD के समय और शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। न्यूरोलॉजी OPD सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को, जबकि न्यूरोसर्जरी OPD मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को जारी रहेगी। गुरुवार को स्पेशल क्लिनिक भी पहले की तरह संचालित होगा और जनरल OPD सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चलेगी।मरीज और उनके अटेंडेंट्स को ANC तक पहुंचने के लिए गेट नंबर 3 का उपयोग करना होगा। अस्पताल प्रशासन ने मार्गदर्शन और सुचारू व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।करीब 47,619 वर्ग मीटर में फैली छह मंजिला इस इमारत में तीन बेसमेंट बनाए गए हैं, जिनमें से दो पार्किंग के लिए हैं। यहां 232 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। सबसे ऊपरी मंजिल पर 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं, जहां जटिल न्यूरोसर्जरी आसानी से की जा सकेगी।