दैनिक खबरनामा 27 अप्रैल पंजाब में भीषण गर्मी के बीच आज से मौसम करवट लेने जा रहा है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मंगलवार से इसका असर पूरे प्रदेश में बढ़ेगा और अधिकतर जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।हालांकि मौसम बदलने के बावजूद कई जिलों में हीट वेव का असर अभी भी बना रहेगा। फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में सोमवार को लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से मामूली राहत जरूर मिली है, लेकिन गर्मी अभी भी सामान्य से ऊपर बनी हुई है। बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर में 39.3, लुधियाना और पटियाला में 42.4, फरीदकोट में 42.8 और रूपनगर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 2.9 डिग्री अधिक बना हुआ है।