दैनिक खबरनामा । शिमला, 4 जुलाई: शिमला आने वाले सैलानियों को अब शहर में गाड़ी खड़ी करने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। नगर निगम शिमला अगले दो महीने के भीतर स्मार्ट पार्किंग सिस्टम शुरू करने की तैयारी में है।
इस नई व्यवस्था के तहत पर्यटक होटल बुक करने की तरह ही अपने वाहन के लिए पार्किंग पहले से रिजर्व कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम शिमला का मोबाइल एप्लिकेशन, निगम की आधिकारिक वेबसाइट और राज्य सरकार के पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम में भी कमी आएगी।
फिलहाल नगर निगम के पास करीब 7,000 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता मौजूद है। नई स्मार्ट प्रणाली में पार्किंग में खाली जगह की जानकारी लाइव दिखाई देगी। चालक उपलब्ध स्लॉट देखकर अपने हिसाब से पहले ही बुकिंग कर पाएंगे और सीधे उसी तय जगह पर पहुंच सकेंगे। नगर निगम का मानना है कि इस कदम से यातायात प्रबंधन बेहतर होगा, बेवजह सड़कों पर घूमने वाले वाहनों की संख्या घटेगी और पर्यटकों को शिमला की यात्रा का अनुभव और आसान लगेगा।
पर्यटकों को मिलेगी सबसे ज्यादा राहत
शहर में लगभग 20,000 ऐसे वाहन हैं जिनके मालिकों के पास अपने घरों में ही पार्किंग की जगह है। वहीं शिमला में एक लाख से ज्यादा वाहन पंजीकृत हैं। निगम की पार्किंग मूल रूप से बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए बनाई गई हैं, लेकिन रोजाना इनमें 2,500 से 3,000 स्थानीय लोगों की गाड़ियां भी खड़ी होती हैं।
इसी वजह से पर्यटन सीजन के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को कई-कई घंटे पार्किंग ढूंढनी पड़ती थी और इससे शहर में जाम की स्थिति बन जाती थी। नई व्यवस्था में दिल्ली, चंडीगढ़ या किसी अन्य राज्य से निकलने से पहले ही यात्री अपनी पसंद की पार्किंग में जगह बुक कर सकेंगे।
बुकिंग जिस समय स्लॉट के लिए की जाएगी, पार्किंग का शुल्क भी उसी समय से गिना जाएगा। मसलन अगर कोई व्यक्ति दिल्ली से चलते समय 10 घंटे बाद वाला स्लॉट बुक करता है, तो उससे पैसे भी 10 घंटे बाद से ही लिए जाएंगे।
नगर निगम का लक्ष्य है कि इस डिजिटल सुविधा से शिमला में ट्रैफिक का दबाव कम हो और पर्यटकों को शहर में प्रवेश से लेकर वापसी तक सहूलियत मिले।