दैनिक खबरनामा । ऊधमपुर, 8 जुलाई: श्री अमरनाथ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ऊधमपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम और बढ़ा दिए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसके लिए जिले भर में स्थापित सभी अस्थायी ठहराव केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
प्रशासन ने समय सीमा तय कर दी है। तय नियम के अनुसार दोपहर 1 बजे के बाद जखैनी चेक पोस्ट से आगे किसी भी यात्री को घाटी की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा। जिन श्रद्धालुओं के पास यात्रा पर्ची या होटल की बुकिंग नहीं है, उन्हें भी सुरक्षा के मद्देनजर आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। ऐसे सभी यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए आवास केंद्रों में ठहराया जा रहा है।
इन केंद्रों में रहने, खाने और पीने के पानी सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को जिले के विभिन्न आवास केंद्रों में लगभग 500 यात्रियों को रात गुजारनी पड़ी। इससे एक दिन पहले रविवार को यह आंकड़ा 2000 से ऊपर पहुंच गया था। इस समय जिले में 30 से अधिक आवास केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु यहां रुक रहे हैं।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त प्रेम सिंह ने टीम के साथ विभिन्न केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां रुके श्रद्धालुओं से सुविधाओं के बारे में बात की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो।
गिरदावर विमल शर्मा के अनुसार जिला प्रशासन के निर्देश पर नमामि देविका संस्था आवास केंद्रों में रुके लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था देख रही है। प्रशासन का कहना है कि रात भर यात्रियों को सुरक्षित ठहराने के बाद अगले दिन सुबह जत्थे के साथ उन्हें आगे भेजा जाता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सहूलियत को भी बराबर तवज्जो दी जा रही है, ताकि हर यात्री अपनी यात्रा बिना किसी रुकावट के पूरी कर सके।