दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 5 अगस्त: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अल्विरा खान अग्निहोत्री और बींग ह्यूमन से जुड़े पदाधिकारियों को चंडीगढ़ की एक अदालत ने नोटिस भेजा है। शहर के व्यवसायी अरुण गुप्ता द्वारा दायर शिकायत पर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डॉ. अंबिका शर्मा की अदालत में यह मामला चल रहा है।
अदालत ने फिलहाल आरोपियों को समन जारी नहीं किया है। पहले सभी पक्षों से जवाब मांगा गया है। अब इस मामले पर 5 अक्टूबर को सुनवाई होगी।
2023 में दायर हुई थी शिकायत
अरुण गुप्ता ने साल 2023 में अदालत में याचिका लगाई थी। इसमें उन्होंने सलमान खान, अल्विरा खान अग्निहोत्री, बींग ह्यूमन फाउंडेशन और उससे संबद्ध कंपनी स्टाइल क्वेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों प्रसाद बिंदू माधव व संतोष श्रीवास्तव पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था।
तीन करोड़ खर्च कर खोला था स्टोर
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने अल्विरा खान अग्निहोत्री के ब्रांड बींग ह्यूमन ज्वेलरी की फ्रेंचाइजी ली थी। कंपनी के अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने मनीमाजरा स्थित एनएसी में करीब तीन करोड़ रुपये खर्च करके बींग ह्यूमन ज्वेलरी का शोरूम तैयार करवाया। इंटीरियर और रेनोवेशन का पूरा खर्च भी उन्होंने ही उठाया।
गुप्ता का आरोप है कि शोरूम शुरू होने के कुछ समय बाद ही कंपनी ने कामकाज बंद कर दिया। कंपनी ने न तो कहीं और फ्रेंचाइजी शुरू की, न ही बंद होने के बाद स्टॉक वापस लिया और न ही निवेश की रकम लौटाई।
पहले उन्होंने इस संबंध में चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दी थी। पुलिस से कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने सलमान खान सहित अन्य के खिलाफ चंडीगढ़ जिला अदालत में आपराधिक मामला दर्ज कराया।
ओपनिंग पर सलमान के न आने का भी जिक्र
गुप्ता ने कहा कि उन्हें ब्रांड के नाम पर आकर्षित किया गया। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि मनीमाजरा वाले शोरूम के उद्घाटन में सलमान खान खुद शामिल होंगे। लेकिन बाद में उनकी जगह सलमान के जीजा आयुष शर्मा पहुंचे।
इस बारे में सलमान खान ने बिग बॉस शो में सार्वजनिक रूप से बताया था कि व्यस्तता के कारण वह नहीं आ पाए और उन्होंने अरुण गुप्ता का नाम भी लिया था। गुप्ता का कहना है कि सलमान को इस फ्रेंचाइजी और शोरूम की पूरी जानकारी थी। उनके नाम का इस्तेमाल कर कंपनी ने डील की, फिर अचानक प्रोजेक्ट बंद कर दिया गया। इसी आधार पर उन्होंने सलमान खान को भी इस प्रकरण के लिए जिम्मेदार ठहराया है।