तीन वर्षों से लगातार धार्मिक आयोजन कर बेटियों के सम्मान और शिक्षा का दे रहे संदेश
दैनिक खबरनामा पंचकूला, 23 सितंबर। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में तीन दिवसीय अखंड पाठ शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। यह आयोजन द हरियाणा जाट समाज कल्याण परिषद के अध्यक्ष चौधरी बलवीर सिंह दंदयान की ओर से करवाया गया। पाठ की समाप्ति पर गुरुद्वारा साहिब में अरदास की गई, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया।
चौधरी बलवीर सिंह दंदयान ने अपनी पहली पौती के जन्म के अवसर पर अगले 21 वर्षों तक हर वर्ष गुरुद्वारा नाडा साहिब में तीन दिवसीय अखंड पाठ करवाने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प के तहत पिछले तीन वर्षों से लगातार 23 से 25 सितंबर तक यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। उनकी पौती जेहनाब का जन्म अमेरिका में हुआ था और 23 सितंबर को उसका जन्मदिन भी है।
दंदयान ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करना और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या और बच्चियों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं की खबरें उन्हें व्यथित करती हैं। इसी कारण उन्होंने धार्मिक आयोजन को बेटियों के सम्मान का संदेश देने का माध्यम बनाया है।
उन्होंने बताया कि उनके बेटे आरजू दंदयान और बहू अरमान मान दंदयान बच्चे के जन्म से पहले अमेरिका गए थे। वहीं 23 सितंबर 2017 को उनकी पौती जेहनाब का जन्म हुआ। जेहनाब अमेरिकी नागरिक है, लेकिन दंदयान परिवार की इच्छा है कि उसका भारत की धरती, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बना रहे।
दंदयान के अनुसार गुरुद्वारा नाडा साहिब में एक अखंड पाठ की बुकिंग करीब 7,500 रुपये में होती है। आगामी 21 वर्षों तक हर वर्ष अखंड पाठ करवाने के संकल्प के तहत उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की पर्ची कटवाई है।
अखंड पाठ के समापन अवसर पर गुरुद्वारा नाडा साहिब में विशेष अरदास हुई। दंदयान ने कहा कि गुरुद्वारा नाडा साहिब में उनकी अटूट आस्था है और पहली पौती के जन्म को उन्होंने बेटियों के सम्मान तथा उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के अवसर के रूप में लिया है।