दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 17 अगस्त: खाने का लंगर तो आम बात है, लेकिन अब चंडीगढ़ में ईंधन का लंगर लगने जा रहा है। शहर में 18 अगस्त को दो पेट्रोल पंपों पर लोगों को मुफ्त पेट्रोल बांटा जाएगा। इसके बाद आयोजक आईफोन भी मुफ्त में देने की तैयारी में हैं।
कौन हैं ‘राजा दी किंग’
इस अनोखे आयोजन के पीछे अमृतसर निवासी राकेश त्रेहन हैं। इलाके में उन्हें ‘राजा दी किंग’ के नाम से जाना जाता है। राकेश खुद को मां के भक्त बताते हैं। उनका कहना है कि महामाई की कृपा से ही वह समय-समय पर इस तरह की सेवा कर पाते हैं।
राकेश के पिता अमृतसर में कपड़े का कारोबार करते थे। वहीं राकेश ने अपना रास्ता अलग चुना और अब क्रिप्टोकरेंसी यानी बिटकॉइन के कारोबार से जुड़े हैं। बिटकॉइन से होने वाले लाभ का एक हिस्सा वह सामाजिक कार्यों और लंगर के जरिए लोगों तक पहुंचाते हैं।
पहले भी कर चुके हैं अलग-अलग लंगर
यह पहली बार नहीं है जब ‘राजा दी किंग’ ने इस तरह का आयोजन किया है। इससे पहले भी वह अमृतसर और चंडीगढ़ में कई बार अनोखे लंगर लगा चुके हैं। कुछ समय पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-8 में हुए उनके लंगर में लोगों को फास्ट फूड के साथ मैकडॉनल्ड का बर्गर और कोल्ड ड्रिंक दी गई थी। साथ ही वहां आए लोगों में 500-500 रुपये के नोट भी बांटे गए थे।
पेट्रोल के बाद उनकी योजना आईफोन का लंगर लगाने की है। आयोजकों के मुताबिक, 18 अगस्त को चंडीगढ़ के दो स्थानों पर पेट्रोल का वितरण किया जाएगा।