दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 4 जुलाई: शनिवार को चंडीगढ़ के रामदरबार फेज-2 में बड़ा हादसा हो गया। यहां प्लॉट नंबर 28/9 पर बन रही एक इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। उस वक्त साइट पर काम चल रहा था और कई मजदूर मौजूद थे।
इमारत गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 7 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति गंभीर देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया और बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
5 को निकाला गया, 2 अब भी फंसे
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद अब तक 5 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। इनकी पहचान कुलदीप, कुलबीर, उमेश, राहुल और अजीत के रूप में हुई है। सभी मौके पर निर्माण कार्य कर रहे थे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
वहीं दो अन्य मजदूर अब भी मलबे में दबे हुए हैं। एनडीआरएफ के जवान विशेष उपकरणों के साथ लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
इलाके को किया गया खाली
बचाव कार्य में दिक्कत न आए, इसलिए आसपास की जगह को एहतियातन खाली करवा दिया गया है। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
जांच शुरू
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि बिल्डिंग गिरने की वजह क्या रही और निर्माण के दौरान तय सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।