दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 26 जून : शुक्रवार दोपहर चंडीगढ़ के निकट स्थित तोगा गांव की स्क्रैप मार्केट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग सबसे पहले एक गोदाम में भड़की और वहां मौजूद पुराने वाहनों तथा उनके स्पेयर पार्ट्स की बड़ी मात्रा के कारण तेजी से फैल गई।
देखते ही देखते लपटों ने आसपास की पांच दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मार्केट में काम कर रहे कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद दुकानदारों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, बाजार में खुले स्थानों पर बड़ी मात्रा में कबाड़ जमा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।