दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 19 जुलाई: सेक्टर-10 में गुजरात पुलिस से रिटायर्ड एक IPS अधिकारी के बंगले में 19 साल की युवती का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले को लेकर रविवार को मृतका के परिजनों ने सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल में जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ उनकी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बंगले के एक कमरे में युवती का शव पंखे से लटका हुआ मिला था। युवती उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और लगभग एक सप्ताह पहले ही घरेलू काम के लिए इस घर में काम पर रखी गई थी।
पुलिस रविवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल लेकर जा रही थी, तभी परिजन वहां पहुंच गए। उन्होंने पोस्टमॉर्टम का विरोध करते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को फंदे पर लटका कर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है।
परिवार वालों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी बहुत देर से दी गई। जब तक वे चंडीगढ़ पहुंचे, तब तक शव को अस्पताल भेजा जा चुका था। साथ ही उन्हें उस कमरे में भी जाने नहीं दिया गया जहां से शव बरामद हुआ था।
प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी बहस के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की जांच के नतीजों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।