दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 9 जुलाई: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को एजीएमयूटी कैडर के अफसरों की तबादला सूची जारी कर दी। इस फेरबदल के बाद चंडीगढ़ के पुलिस और प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक चंडीगढ़ में कार्यरत 6 अधिकारियों को नई जगह भेजा गया है, जिनमें 3 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही केंद्र ने केंद्र शासित प्रदेश के लिए 4 नए अफसरों की नियुक्ति भी की है। आने वाले दिनों में खाली हुए अहम पदों पर इनकी जॉइनिंग कराई जाएगी।
पुलिस के बड़े पद खाली
तबादला सूची के अनुसार एसपी मुख्यालय मनजीत सिंह को दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। उनके साथ उनकी पत्नी और एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी गीतांजलि खंडेलवाल का भी तबादला दिल्ली के लिए हुआ है।
वहीं एसपी सिटी केएम प्रियंका को जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। इन तीनों वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के एक साथ हटने से चंडीगढ़ पुलिस के कई संवेदनशील पद अभी खाली हो गए हैं।
डीएसपी और दानिक्स अधिकारी भी हटे
इस बदलाव में पुलिस के दो डीएसपी और एक डीएएनआईसीएस अफसर का नाम भी शामिल है। लंबे समय से चंडीगढ़ में तैनात डीएसपी विकास श्योकंद को दिल्ली भेजा गया है। वे साइबर सेल के प्रभारी थे और साथ ही ऑपरेशन सेल का अतिरिक्त चार्ज भी देख रहे थे।
विजिलेंस में तैनात डीएसपी ए वेंकटेश का भी तबादला दिल्ली कर दिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर डीएएनआईसीएस अधिकारी अमित कुमार को भी दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। वे चंडीगढ़ प्रशासन में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
चंडीगढ़ को मिले 4 नए अफसर
खाली पदों को भरने के लिए केंद्र ने 4 नए अधिकारियों को चंडीगढ़ भेजा है।
जम्मू-कश्मीर से 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार शर्मा
अंडमान-निकोबार से 2021 बैच की डीएएनआईसीएस अधिकारी जगताप कल्याणी राजेंद्र
दिल्ली से डीएएनआईसीएस अधिकारी पाटिल स्वागत राजकुमार
दिल्ली से ही डीएएनआईसीएस अधिकारी सतेंद्र मोहन मीणा
गृह मंत्रालय के इस व्यापक तबादले से चंडीगढ़ पुलिस और प्रशासन दोनों में नई टीम काम संभालेगी।