दैनिक खबरनामा 6 मई 2026 चंडीगढ़ शहर के डडूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में कचरा निस्तारण को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे डंपिंग ग्राउंड और वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
आयुक्त ने डंपिंग ग्राउंड में जमा लेगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) को जल्द हटाने और बायो-माइनिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए। साथ ही इंजीनियरिंग विंग को मशीनों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि कचरा निस्तारण का काम बिना देरी के पूरा हो सके। उन्होंने स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान सूखे कचरे के प्लांट में भी कई खामियां पाई गईं। कचरे के वजन का रिकॉर्ड सही तरीके से नहीं रखा जा रहा था और निस्तारण की रफ्तार आने वाले कचरे से कम पाई गई, जिससे वहां कचरे का ढेर लग गया। इसके अलावा आरडीएफ टेस्टिंग और इनर्ट मटेरियल से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अधूरे मिले, जो अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है।निगम आयुक्त ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए सभी खामियों को तुरंत दूर करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को एक महीने के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश भी दिए