दैनिक ख़बरनामा चंडीगढ़ 27 मई : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। कप्तान रजत पाटीदार की आक्रामक पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन बनाकर आईपीएल प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 255 रनों का विशाल लक्ष्य मिला।
रजत पाटीदार ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और मात्र 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में पांच चौके और नौ लंबे छक्के शामिल रहे। गुजरात के गेंदबाज शुरुआत में उन्हें रोकने में असफल रहे और 20 रन के निजी स्कोर पर मिला जीवनदान टीम को भारी पड़ गया। तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा द्वारा छोड़ा गया कैच बाद में निर्णायक साबित हुआ।
पाटीदार को दूसरे छोर से भी भरपूर सहयोग मिला। कुणाल पंड्या ने 43 रन की तेज पारी खेली और चौथे विकेट के लिए 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। विराट कोहली ने 43 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन जोड़े। अंत के ओवरों में जितेश शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया।
गुजरात की ओर से रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली। हालांकि, कोई भी गेंदबाज बेंगलुरु की आक्रामक बल्लेबाजी पर अंकुश नहीं लगा सका।
इस मुकाबले के साथ बेंगलुरु ने प्लेऑफ में सबसे बड़े स्कोर का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह उपलब्धि गुजरात के नाम थी, जिसने 2023 में मुंबई के खिलाफ 233 रन बनाए थे। इसके अलावा बेंगलुरु ने प्लेऑफ मुकाबले में सर्वाधिक बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। टीम ने पूरे मैच में 38 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।
यह कुल योग आईपीएल इतिहास में बेंगलुरु का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। इससे पहले टीम 2013 में पुणे के खिलाफ 263 और 2024 में हैदराबाद के खिलाफ 262 रन बना चुकी है। धर्मशाला में मिली इस धमाकेदार सफलता ने बेंगलुरु को खिताब की दौड़ में और मजबूत बना दिया है।