गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 153वें दिन तीन हथियार बरामद, 103 लोगों पर एहतियाती कार्रवाई
दैनिक खबरनामा|चंडीगढ़, 22 जून, 2026. पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 153वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के चिन्हित 579 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन हथियार बरामद करते हुए 337 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 103 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई भी की गई।
पंजाब पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय में सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार विशेष अभियान चला रही हैं। 153 दिनों में अब तक कुल 39,420 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं साझा कर सकते हैं।