दैनिक खबरनामा। धर्मशाला, 14 जून: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात और अधिकांश क्षेत्रों में हो रही बारिश व तेज आंधी के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इससे भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, लेकिन मौसम में आई अचानक ठंडक ने लोगों को हैरान कर दिया है।
शनिवार को धर्मशाला में हुई बारिश के कारण भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच में भी व्यवधान पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा में पिछले दो दिनों के दौरान दिन के तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोलन में 9 डिग्री और केलंग में 8 डिग्री की कमी आई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान 5 से 7 डिग्री तक नीचे आया है।