दैनिक खबरनामा । शिमला, 22 जून : हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत कांगड़ा, बिलासपुर, देहरा और नूरपुर में नए पुलिस अधीक्षक तैनात किए गए हैं।
पुलिस जिला नूरपुर के एसपी रहे कुलभूषण को प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, अशोक रतन, जो अब तक कांगड़ा के एसपी होने के साथ-साथ एसटीएफ धर्मशाला जोन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे, उन्हें एसपी (लीव रिजर्व), पुलिस मुख्यालय शिमला भेजा गया है।
देहरा में संदीप धवल की तैनाती
सरकार ने बिलासपुर के एसपी संदीप कुमार धवल को पुलिस जिला देहरा का नया एसपी नियुक्त किया है। वहीं, देहरा के एसपी मयंक चौधरी का तबादला कर उन्हें एसपी (लीव रिजर्व), पुलिस मुख्यालय शिमला लगाया गया है।
इल्मा अफरोज को मिली नूरपुर की जिम्मेदारी
विदेश अध्ययन अवकाश से लौटने के बाद आईपीएस अधिकारी इल्मा अफरोज को पुलिस जिला नूरपुर की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अभिषेक दुल्लर बने आईजी कानून व्यवस्था
आईजी कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज, हमीरपुर के पद पर कार्यरत अभिषेक दुल्लर को अब आईजी कानून एवं व्यवस्था नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें आईजी आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग, डरोह का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
वहीं, डॉ. डीके चौधरी, जो अब तक आईजी आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग डरोह के पद पर कार्यरत थे, उन्हें आईजी कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज, हमीरपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
बिलासपुर को मिले नए एसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला अभिषेक को बिलासपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, एसडीपीओ नादौन गौरव जीत सिंह को पदोन्नत कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला लगाया गया है।
रमन शर्मा बने विजिलेंस एसपी
तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे रमन शर्मा को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की उत्तरी रेंज, धर्मशाला का एसपी नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।