दैनिक खबरनामा ब्यूरो। दुबई, 8 अगस्त 2026 : ईरान ने शनिवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही को लेकर ओमान के साथ समझौता लगभग तैयार है, लेकिन केवल इस समझौते से समुद्री मार्ग को पूरी तरह खोलना संभव नहीं होगा। ईरान ने साफ किया है कि जलडमरूमध्य को सामान्य वाणिज्यिक यातायात के लिए खोलने से पहले अमेरिका से जुड़ी कई अन्य शर्तों पर सहमति जरूरी होगी।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान और ओमान जलडमरूमध्य के जरिए जहाजों के लिए एक नए मार्ग को लेकर ‘‘बहुत करीब’’ हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्मुज को पूरी तरह खोलने का फैसला अमेरिका की ओर से ईरान को मुआवजा देने समेत कई अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
अमेरिका से कई मांगों पर ईरान अड़ा
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा संस्था के सचिव मोहम्मद बाकेर जुलकद्र ने अमेरिका से कई मांगें पूरी करने की बात कही है। इनमें ईरान के खिलाफ अमेरिकी धमकियां समाप्त करना, ईरान और उसके लेबनानी, फिलिस्तीनी, यमनी तथा इराकी सहयोगियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकना, ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध और नाकेबंदी हटाना तथा ईरानी संपत्तियों को मुक्त करना शामिल है।
ईरान का कहना है कि इन मुद्दों का समाधान हुए बिना होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलना संभव नहीं होगा।
ओमान ने जताई बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद
ईरान और ओमान के बीच चल रही बातचीत को मस्कट ने सकारात्मक और रचनात्मक बताया है। ओमान के विदेश मंत्रालय ने जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा की, हालांकि उसने किसी पक्ष को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया।
ओमान ने सभी पक्षों से ऐसे किसी भी कदम से बचने की अपील की है, जिससे बातचीत और अब तक हुई प्रगति प्रभावित हो सकती है।
अराघची ने बताया कि होर्मुज में पहले लागू जहाजों की आवाजाही व्यवस्था अब ईरान को स्वीकार्य नहीं है। दोनों देश तकनीकी और कानूनी मुद्दों का स्थायी समाधान होने तक एक अस्थायी समुद्री मार्ग पर चर्चा कर रहे हैं।
ईरान ने फिर जहाज पर हमले का आरोप
इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे उसके सरकारी तेल प्रतिष्ठान से जुड़े एक जहाज पर मिसाइल से हमला किया। हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
ब्रिटेन के समुद्री व्यापार निगरानी संगठन यूकेएमटीओ के अनुसार, एक जहाज किसी अज्ञात प्रक्षेप्य की चपेट में आने के बाद आग की चपेट में आ गया था। हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया और पर्यावरण को किसी नुकसान की तत्काल सूचना नहीं मिली। ईरानी अधिकारियों की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
होर्मुज खुलने को लेकर फिर बढ़ी उम्मीद
अमेरिकी प्रशासन पिछले कुछ सप्ताह से संकेत देता रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए समझौता जल्द हो सकता है। हालांकि, इससे पहले ईरान कई बार ऐसी बातचीत की खबरों से इनकार करता रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा वार्ता स्थायी समझौते तक पहुंच पाएगी या नहीं।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि मौजूदा समय समझौते के लिए सबसे उपयुक्त है। ईरानी समाचार एजेंसियों के अनुसार उन्होंने कहा कि देश में एकजुटता, शक्ति और मजबूती है तथा उनके अनुसार इस युद्ध में ईरान विजयी और शक्तिशाली स्थिति में है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी रखी शर्त
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी शनिवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना अमेरिका द्वारा ईरान की शर्तें स्वीकार करने पर निर्भर करेगा और इसका सीधा संबंध ईरान-ओमान वार्ता से नहीं है।
गार्ड्स के प्रवक्ता होसैन मोहेब्बी ने कहा कि जैसे ही अमेरिका ईरान की शर्तों को स्वीकार करेगा, होर्मुज जलडमरूमध्य को निश्चित रूप से खोल दिया जाएगा।
दुनिया के ऊर्जा कारोबार के लिए अहम रास्ता
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है। युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया के कुल तेल और गैस परिवहन का करीब पांचवां हिस्सा इस संकरे समुद्री मार्ग से होकर गुजरता था। यही वजह है कि यहां लंबे समय तक समुद्री यातायात बाधित रहने से वैश्विक तेल बाजार और ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है।
फिलहाल ईरान और ओमान के बीच संभावित समझौते से कुछ राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन तेहरान की अमेरिकी शर्तों पर स्पष्ट स्थिति से संकेत मिलता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने का रास्ता अभी भी आसान नहीं है।