दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 27 नवंबर: जम्मू-कश्मीर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। अब होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को अपने मेन्यू में स्पष्ट रूप से उल्लेख करना होगा कि ग्राहकों को परोसा जाने वाला मांस या मछली ताजा है अथवा फ्रोजन। इस संबंध में विभाग ने श्रीनगर और अनंतनाग जिलों में 100 से अधिक खाद्य कारोबारियों को वैधानिक अनुपालन नोटिस जारी किए हैं।
एफडीए ने स्पष्ट किया है कि खाद्य उत्पादों की प्रकृति और उनकी वास्तविक स्थिति के बारे में ग्राहकों को पूरी जानकारी देना प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है। किसी भी खाद्य सामग्री के संबंध में भ्रामक जानकारी देना या जरूरी तथ्यों को छिपाना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
विभाग के नए निर्देशों के मुताबिक, होटल और रेस्तरां संचालकों को अपने मेन्यू कार्ड के साथ-साथ परिसर में लगाए गए सूचना पट्टों पर भी इस्तेमाल किए जाने वाले मांस और मछली का प्रकार प्रदर्शित करना होगा। इसमें यह बताना जरूरी होगा कि व्यंजन तैयार करने में मटन, बीफ, चिकन या मछली में से किसका इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा संबंधित खाद्य सामग्री ताजा है या फ्रोजन, इसकी जानकारी भी ग्राहकों को स्पष्ट रूप से देनी होगी।
एफडीए ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियमों का हवाला देते हुए व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का पूरा विवरण देने के निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत सामग्री की सूची में प्रत्येक घटक को उसकी मात्रा या वजन के अनुसार घटते क्रम में लिखना होगा। यानी किसी व्यंजन में जिस सामग्री का इस्तेमाल सबसे अधिक किया जाता है, उसका नाम सूची में सबसे ऊपर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
विभाग का मानना है कि इन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्राहकों को खाद्य पदार्थों के चयन में सही जानकारी मिलेगी। विशेष रूप से मांस और मछली से बने व्यंजनों को लेकर बनी अस्पष्टता दूर होगी। साथ ही खाद्य कारोबारियों की जवाबदेही तय करने और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।
एफडीए ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को सभी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि मेन्यू में आवश्यक जानकारी प्रदर्शित नहीं करने, गलत विवरण देने अथवा निर्धारित नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।