दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 27 नवंबर: वकील के साथ मारपीट के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताई है। अदालत ने पुलिस की जांच को निष्पक्षता के लिहाज से संदिग्ध मानते हुए कहा कि विभाग अपने ही कर्मचारियों के बेटों को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने आगे की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है।
मामला दो जुलाई 2026 को सेक्टर-46 स्थित एक जिम में हुई मारपीट से जुड़ा है। शिकायतकर्ता शुभम ने हितेश और निखिल पर हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों आरोपी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात कर्मचारियों के बेटे बताए गए हैं। शुभम के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले यानी एक जुलाई की रात वह सेक्टर-47 में अपने घर के पास टहल रहे थे। इसी दौरान हितेश ने उन पर वीडियो बनाने का संदेह जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज की और अगले दिन जिम में मिलने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, दो जुलाई को शुभम अपने भाई संजय के साथ जिम पहुंचे। वहां हितेश और निखिल ने उन्हें सीढ़ियों के पास रोक लिया और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शुभम के सिर और माथे पर सीमेंट की टाइल से वार किए गए। संजय को भी चोटें आईं। घटना के बाद शुभम का सेक्टर-45 स्थित नागरिक अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जहां उनके शरीर पर चोट के सात निशान दर्ज किए गए।
शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी
शुभम की ओर से शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद आठ जुलाई को एफआईआर दर्ज की गई। मामले में आरोपी निखिल की अग्रिम जमानत याचिका सत्र न्यायालय, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक खारिज हो चुकी थी।
जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने के बाद हाईकोर्ट ने मारपीट की घटना में निखिल की सक्रिय भागीदारी को भी रेखांकित किया। पुलिस ने भी जमानत का विरोध करते हुए अदालत के सामने मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य रखे थे।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसी मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) को मामले से हटा दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और फिर पुलिस जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस की भूमिका पर अदालत ने जताई चिंता
हाईकोर्ट ने जांच और पुलिस की कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस अपने विभाग के कर्मचारियों के बेटों के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। अदालत ने निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए मामले को सीबीआई के हवाले करने का निर्णय लिया।
अदालत ने अपने आदेश में न्याय व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण सिद्धांत को भी दोहराया कि न्याय मिलना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों को यह भरोसा भी होना चाहिए कि न्याय निष्पक्ष तरीके से होता हुआ दिखाई दे रहा है।