दैनिक खबरनामा
3 जुलाई चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने अनुबंध कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा उपलब्ध कराने की कवायद को गति देते हुए संबंधित विभागों के लिए नई समय-सीमा निर्धारित की है। हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) नियम, 2025 के तहत पात्र कर्मचारियों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें ऑफर लेटर जारी करने का लक्ष्य अब 15 अगस्त 2026 तक तय किया गया है। सरकार का उद्देश्य निर्धारित अवधि के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा कर बड़ी संख्या में पात्र अनुबंध कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराना है।
इस संबंध में 8 जुलाई को पंचकूला में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी विभागों, बोर्डों, निगमों और सरकारी प्राधिकरणों के प्रमुखों की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी विभागों को सेवा सुरक्षा पोर्टल पर अब तक की गई प्रगति का विस्तृत ब्यौरा बैठक में प्रस्तुत करना होगा। जिन विभागों ने अभी तक पोर्टल पर कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें तत्काल प्रक्रिया आरंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विभाग को पोर्टल संचालन या डेटा अपडेट करने में तकनीकी कठिनाई आती है, तो मानव संसाधन विभाग और हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे। समीक्षा बैठक के दौरान एचकेसीएल की ओर से सेवा सुरक्षा पोर्टल का प्रदर्शन (डेमो) भी किया जाएगा तथा अधिकारियों को इसके संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सरकार ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र अनुबंध कर्मचारियों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सेवा सुरक्षा के तहत बिना किसी विलंब के ऑफर लेटर जारी किए जाएं।