दैनिक खबरनामा। नई दिल्ली, 10 जून: रेल यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए IRCTC ने अनधिकृत ई-कैटरिंग सेवाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। भारतीय रेलवे की आधिकारिक खानपान इकाई IRCTC ने ट्रेनों में अवैध रूप से भोजन की आपूर्ति करने वाले 14 प्रमुख मोबाइल ऐप्स और वेबसाइटों को स्थायी रूप से ब्लॉक कर दिया है। साथ ही इनके संचालकों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज कराए गए हैं।
IRCTC के अनुसार, ये प्लेटफॉर्म बिना किसी वैध अनुमति के ट्रेन यात्रियों को भोजन उपलब्ध करा रहे थे। इनमें से कई प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस वाले ढाबों और रसोईघरों से खाना सप्लाई कर रहे थे, जिनके पास न तो FSSAI की मंजूरी थी और न ही कर्मचारियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई गई थी। इससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्लेटफॉर्म भोजन ऑर्डर करने के बहाने यात्रियों की संवेदनशील जानकारी, जैसे PNR नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा बैंकिंग और UPI संबंधी विवरण एकत्र कर रहे थे। इससे साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय नुकसान का जोखिम बढ़ रहा था। कई मामलों में यात्रियों को भोजन नहीं मिला, जबकि भुगतान पहले ही लिया जा चुका था। शिकायतों के समाधान के लिए भी कोई प्रभावी ग्राहक सहायता व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी।
इन 14 वेबसाइटों और ऐप्स पर लगा प्रतिबंध
railrestro.com / railrestro.in
railmitra.com
travelkhana.com
trainscafe.com
dibrail.com
railfood.net
comesum.com
travelerfood.com
foodontrack.in
ecatering.app
khanaonline.in
trainway.in
railmeal.com
trainmenu.com
यात्रियों के लिए IRCTC की सलाह
IRCTC ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल अधिकृत माध्यमों से ही भोजन बुक करें। सुरक्षित और स्वच्छ भोजन के लिए यात्री आधिकारिक ई-कैटरिंग पोर्टल ‘फूड ऑन ट्रैक’ मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन नंबर 1323 का उपयोग कर सकते हैं।
IRCTC वर्तमान में Zomato, Swiggy, KFC, Domino’s और Haldiram’s जैसे प्रमुख ब्रांडों के साथ साझेदारी में देश के 400 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर ई-कैटरिंग सेवा प्रदान कर रहा है। अप्रैल 2026 के दौरान प्रतिदिन औसतन 1.55 लाख से अधिक भोजन ऑर्डर दर्ज किए गए, जो इस सेवा पर यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।