दैनिक खबरनामा | 15 जून, 2026 अल धाले (यमन): यमन के लोकप्रिय एडवेंचर कंटेंट क्रिएटर और ‘यमन के स्पाइडरमैन’ के नाम से मशहूर Antar Al Absi की एक खतरनाक स्टंट के दौरान मौत हो गई। 30 वर्षीय अल अब्सी दक्षिणी यमन के अल धाले प्रांत में स्थित हराधत दमत ज्वालामुखीय क्रेटर की खड़ी चट्टानों पर बिना सुरक्षा उपकरणों के चढ़ाई कर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे क्रेटर में गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अल अब्सी लगभग सीधी चट्टान पर चढ़ रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में उन्हें चट्टान से लटकते देखा जा सकता है, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद उनकी पकड़ छूट जाती है और वे करीब 120 मीटर गहरे क्रेटर में जा गिरते हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल, गोताखोरों और जल-रिकवरी टीमों को मौके पर भेजा गया। दुर्गम और पथरीले इलाके के कारण राहत अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने क्रेटर के भीतर मौजूद पानी से उनका शव बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, शव पानी की सतह से लगभग 30 मीटर नीचे मिला।
अंतर अल अब्सी यमन के चर्चित एडवेंचर क्रिएटर्स में गिने जाते थे। वे पहाड़ों, खड़ी चट्टानों और ज्वालामुखीय क्षेत्रों में जोखिम भरे स्टंट के वीडियो बनाते थे। बिना रस्सी और सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाइयों पर चढ़ने की उनकी शैली ने उन्हें सोशल मीडिया पर ‘यमन का स्पाइडरमैन’ की पहचान दिलाई थी।
घटना के बाद अधिकारियों ने एडवेंचर प्रेमियों और कंटेंट क्रिएटर्स से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी है कि लोकप्रियता या रोमांच की चाह में सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है। यह हादसा एक बार फिर खतरनाक स्टंट और सोशल मीडिया प्रसिद्धि की कीमत पर गंभीर सवाल खड़े करता है।