दैनिक खबरनामा । श्रीनगर , 23 जून : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में पुलिस ने सोमवार को दोहरे अभियान के तहत प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी से जुड़े सदस्यों और समर्थकों के ठिकानों पर छापेमारी की। इसके साथ ही जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ नार्को कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) भी शुरू किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई सार्वजनिक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। अभियान के दौरान यारीपोरा, बेहिबाग और फ्रिसल थाना क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी के करीब दो दर्जन सदस्यों और समर्थकों के ठिकानों की तलाशी ली गई।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ प्रतिबंधित संगठन से संबंधित साहित्य भी बरामद किया है। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और उससे जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अलगाववादी गतिविधियों से जुड़े तत्वों पर भी कड़ी नजर रख रही है। इसके साथ ही नार्को टेरर से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों और नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अलगाववादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।