दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 2 अगस्त: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को एक अहम सफलता हासिल की। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक ठिकाने का पर्दाफाश कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेना की 34 आरआर की टुकड़ी ने कुलगाम के नरवनी-हट्टिपोरा क्षेत्र में शनिवार को सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान एक सुनसान जगह पर बने संदिग्ध ठिकाने की पहचान हुई। तलाशी के दौरान वहां से दोनों आतंकी संगठनों के पोस्टर, दवाइयां, बर्तन, राशन और अन्य रोजमर्रा का सामान बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री को जब्त करने के बाद ठिकाने को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। माना जा रहा है कि इस ठिकाने का इस्तेमाल करने वाले आतंकी आसपास के इलाके में ही छिपे हो सकते हैं, इसलिए इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है।
इस कार्रवाई से एक दिन पहले यानी शुक्रवार को कुलगाम केलम इलाके में आतंकियों ने दो मजदूरों की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से पूरे जिले में सुरक्षाबलों ने आतंक विरोधी अभियान तेज कर रखे हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस दौरान दो संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।