दैनिक खबरनामा । ऊधमपुर, 24 जून : जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी के मजालता दौरे से पहले बुधवार को ऊधमपुर के बट्टल मोड़ क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से हालात पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी के प्रस्तावित दौरे का विरोध करने के लिए बट्टल मोड़ पर एकत्र हुए थे। इस दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों और उपमुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इसी बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।
पुलिस की सतर्कता से टला टकराव
स्थिति उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गई जब दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ लगातार नारे लगाने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों गुटों को अलग किया और हालात को बिगड़ने से रोक दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक क्षेत्र में राजनीतिक गर्माहट बनी रही, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
मजालता दौरे को लेकर पहले से कड़ी थी सुरक्षा
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी का बुधवार को मजालता क्षेत्र का दौरा निर्धारित है। दौरे को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। बट्टल मोड़ पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है ताकि दौरे के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।