दैनिक खबरनामा 6 मई 2026 पंजाब के खरड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव को रोपड़ नहर में फेंक दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।मामला थाना सिटी खरड़ में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2006 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उसकी सबसे बड़ी 17 वर्षीय बेटी का विकास शाह निवासी दाऊं माजरा के साथ प्रेम संबंध था। नाबालिग होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, जिससे घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे।महिला के अनुसार, बेटी ने कई बार धमकी दी थी कि यदि उसकी शादी प्रेमी से नहीं करवाई गई तो वह परिवार को नुकसान पहुंचा सकती है। 26 अप्रैल को महिला अपने भाई के घर गई थी और जब 2 मई को वापस लौटी तो उसका पति घर पर नहीं मिला। काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा।
शक के आधार पर महिला ने पुलिस को शिकायत दी, जिसमें उसने अपनी बेटी और उसके प्रेमी पर पति के अपहरण और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 140(1), 238 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह ने बताया कि किशोरी को कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह जालंधर भेज दिया गया है, जबकि उसके प्रेमी को रिमांड पर लिया गया है। शव की बरामदगी के लिए रोपड़ नहर में गोताखोरों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं।