दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 27 अक्टूबर 2026. पंजाब सरकार ने नायक समाज को अनुसूचित जाति (एससी) का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार संबंधित डिप्टी कमिश्नरों की रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज जुटाने के बाद जल्द ही इस संबंध में प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी।
फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सिंह सवना द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि नायक समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने स्पष्ट किया कि किसी भी समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने से पहले उसकी सामाजिक, आर्थिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक परिस्थितियों का विस्तृत अध्ययन किया जाता है। इसमें समुदाय की पारंपरिक स्थिति के साथ सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसे पहलुओं का भी आकलन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि संबंधित डिप्टी कमिश्नरों से प्राप्त विस्तृत रिपोर्टों और सहायक दस्तावेजों के आधार पर राज्य सरकार प्रस्ताव तैयार करेगी। सभी आवश्यक रिपोर्टें प्राप्त होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
मंत्री के अनुसार, राज्य सरकार से प्रस्ताव मिलने के बाद केंद्र सरकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामले को भारत के रजिस्ट्रार जनरल (आरजीआई) और इसके बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के विचारार्थ भेजती है। संबंधित संस्थाओं द्वारा समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और अन्य परिस्थितियों का विस्तृत अध्ययन किए जाने के बाद ही अनुसूचित जाति का दर्जा देने पर निर्णय लिया जाता है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार सामाजिक समानता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है।