दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 15 जुलाई: पंजाब के नंगल उप-मंडल के 14 गांवों से जुड़े राजस्व दस्तावेजों के गायब होने का मामला अब सियासी तूल पकड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र भेजकर तुरंत कार्रवाई की गुहार लगाई है।
खन्ना ने इसी संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के मुख्य सचिव को भी पत्र लिखा है। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताया और कहा कि इस मामले में उच्च स्तर पर दखल जरूरी है।
भाजपा नेता के अनुसार कागजातों के न मिलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-503 के कीरतपुर साहिब से नंगल तक के हिस्से को चार लेन में बदलने का अहम प्रोजेक्ट अटका हुआ है। यह सड़क पंजाब को हिमाचल प्रदेश से जोड़ने के लिहाज से रणनीतिक महत्व रखती है।
खन्ना ने अपने पत्र में हाल में मीडिया में छपी रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े रिकॉर्ड के गुम हो जाने से इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य में अनावश्यक देरी हो रही है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि रिकॉर्ड गायब होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर जवाबदेही तय की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दस्तावेजों को जल्द बरामद कर विकास कार्य को बिना रुकावट आगे बढ़ाया जाए।