दैनिक खबरनामा। ऊधमपुर, 21 जुलाई: लगातार तेज बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर ऊधमपुर-रियासी रेंज में सुरक्षा और राहत इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। पुलिस सहित सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी बरतने को कहा गया है। भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और सड़कों के बंद होने जैसी स्थिति में देरी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आपसी तालमेल से काम करने और हालात बिगड़ते ही तुरंत कदम उठाने पर जोर दिया। डीआईजी ने कहा कि खराब मौसम के दौरान लोगों की जान बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी घटना पर फौरन कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने सभी पुलिस इकाइयों और कंट्रोल रूम को चौबीस घंटे चालू रखने, संचार व्यवस्था सुचारू रखने और क्विक रिस्पॉन्स टीम, बचाव दल तथा आपदा राहत के उपकरणों को हर समय तैयार रखने को कहा। भूस्खलन और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ जोखिम भरी सड़कों, पुलों और नालों के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के आदेश भी दिए गए।
ट्रैफिक और सड़क बहाली पर फोकस
डीआईजी ने यातायात को लेकर भी सतर्कता बरतने को कहा। जरूरत पड़ने पर समय रहते मार्ग बदले जाएं और हादसों को रोकने के उपाय किए जाएं। एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भूस्खलन वाली जगहों से मलबा हटाकर आवाजाही बहाल की जाए और संवेदनशील पॉइंट्स पर जेसीबी व अन्य भारी मशीनें पहले से तैनात रखी जाएं।
रामनगर उपमंडल में भी तेज बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊधमपुर की चेतावनी के बाद 20 से 23 जुलाई तक लोगों से सावधान रहने और बिना वजह सफर न करने की अपील की गई है।
एसडीएम रामनगर स्वाति शीमर की ओर से जारी सूचना में भारी से अति भारी बारिश, आंधी-गरज, अचानक बाढ़ और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। लोगों को नदियों, नालों और जलस्रोतों से दूरी बनाए रखने तथा पानी भरी सड़कों और तेज बहाव को पार न करने की सलाह दी गई है।
आपातकाल में ये नंबर करें याद
रामनगर-बसंतगढ़ मार्ग सहित संवेदनशील रास्तों पर निकलने से पहले वहां की स्थिति जरूर पता कर लें। लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, बिजली और जल शक्ति विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
– तहसीलदार रामनगर: 8492065919
– एसडीपीओ रामनगर: 8899233444
– एसएचओ रामनगर: 9697910645
– डीईओसी ऊधमपुर: 01992-272727, 01992-272728
– ईआरएसएस: 112
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपदा की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की है।