दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 23 अक्टूबर 2026. पंजाब में मतदाताओं की सुविधा के लिए 24 अक्टूबर को राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे। पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए मतदाताओं से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर लगाए जा रहे इन शिविरों में मतदाता 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच सकेंगे। इसके अलावा नए मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन करने और मतदाता विवरण में संशोधन करवाने की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए पात्रता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक फॉर्म नंबर 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, एसएसआर कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इस सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दर्ज करवाई जा सकेंगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अनिंदिता मित्रा ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम और विवरणों की पुष्टि करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर पंजीकरण करवाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।