दैनिक खबरनामा। मोहाली, 8 जून : पंजाब सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ती गुंडागर्दी और धक्केशाही के खिलाफ सोमवार को मोहाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-78 से सेक्टर-79 स्थित विधायक कुलवंत सिंह के कार्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए बलबीर सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को लगातार कमजोर कर रही है और सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी की नाकामियों को उजागर करने वाले बैनर और तख्तियां हाथों में लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर झाड़ू बिखेरकर भी अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सिद्धू ने कहा कि जिस प्रकार आज झाड़ू सड़क पर बिखरी हुई है, उसी प्रकार आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को भी बिखेर देगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग सरकार के झूठे वादों, कथित नाकामियों और तानाशाही रवैये से परेशान हैं।
पूर्व मंत्री ने टांडा के कांग्रेस कार्यकर्ता अरशदीप सिंह की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि झाड़ू की कथित “बेअदबी” के नाम पर की गई कार्रवाई राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाने की कोशिश है। उन्होंने सवाल किया कि यदि राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह से जुड़े मामले में तत्काल कार्रवाई हो सकती है तो श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों में दोषियों को अब तक सजा क्यों नहीं मिल सकी।
सिद्धू ने कहा कि पंजाब सरकार विपक्षी दलों, कर्मचारी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जायज मांगों को सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने पटियाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे पीएसपीसीएल कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की। सिद्धू ने कहा कि कर्मचारियों पर बल प्रयोग सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पंजाब सरकार ने कथित धक्केशाही और बदले की राजनीति बंद नहीं की तो कांग्रेस राज्यभर में बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा अन्याय और तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद की है तथा जनता की आवाज को डंडों, झूठे मुकदमों और धमकियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर खरड़ मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरकेश चंद शर्मा मच्छली कलां तथा हरदयाल चंद ने भी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन किया।