दैनिक खबरनामा। जम्मू , 3 जून : प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने सीबीएसई और नीट से जुड़े कथित विवादों के खिलाफ प्रस्तावित छात्र आंदोलन को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। वह 6 जून को दिल्ली में आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के साथ शामिल हो सकते हैं।
मंगलवार को सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बड़ी घोषणा का संकेत देते हुए लिखा, “इंतज़ार अब खत्म हुआ।” इसके तुरंत बाद सोनम वांगचुक ने आधिकारिक रूप से आंदोलन का समर्थन करते हुए अपनी भागीदारी की पुष्टि की।
वांगचुक ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि यदि 5 जून तक स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो वह 6 जून को दिल्ली में सीजेपी के सदस्यों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ियां सामने आती हैं, तो किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के विवाद केवल लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित नहीं करते, बल्कि देश के भविष्य पर भी गहरा असर डालते हैं। वांगचुक ने शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गौरतलब है कि इंजीनियर, नवप्रवर्तक और शिक्षा सुधार के पैरोकार सोनम वांगचुक ने नीट और सीबीएसई से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की चिंताओं को गंभीर बताते हुए सीजेपी द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। उनके इस कदम से आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा और समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है।