दैनिक खबरनामा 27 जुलाई सिएटल : अमेरिका के सिएटल शहर में आयोजित वार्षिक बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल के दौरान हुई सामूहिक गोलीबारी से अफरातफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, सिएटल सेंटर के निकट हुई इस घटना में कई लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।
सिएटल पुलिस ने रविवार रात (स्थानीय समय) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि घटना की जांच जारी है। पुलिस ने कहा, “सिएटल सेंटर में गोलीबारी हुई है। कई लोग इसकी चपेट में आए हैं। अधिक जानकारी जल्द साझा की जाएगी।लोगों से अपील है कि वे फिलहाल इस क्षेत्र से दूर रहें।”
गोलीबारी की सूचना मिलते ही फूड फेस्टिवल में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर राहत एवं सुरक्षा अभियान शुरू किया। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या तत्काल जारी नहीं की गई। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।
गौरतलब है कि सिएटल सेंटर शहर का प्रमुख सांस्कृतिक और मनोरंजन केंद्र है, जहां क्लाइमेट प्लेज एरिना और प्रसिद्ध स्पेस नीडलजैसे प्रमुख आकर्षण स्थित हैं।
डब्ल्यूबीएएल-टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय वहां बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल चल रहा था, जिसे शहर के सबसे पुराने और लोकप्रिय खाद्य आयोजनों में गिना जाता है। वहीं, अमेरिकी मीडिया सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में अपनी सहयोगी संस्था कोमो का हवाला देते हुए बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने आयोजन स्थल के भीतर 7 से 8 गोलियां चलने की आवाज सुनी। गोलीबारी के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फिलहाल पुलिस ने न तो किसी गिरफ्तारी की पुष्टि की है और न ही घटना के पीछे की संभावित वजह का खुलासा किया है। मामले की जांच जारी है।
इस बीच, यह घटना 19 जुलाई को अमेरिका के एरिजोना राज्य के टक्सन में हुई सामूहिक गोलीबारी के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। उस घटना में संदिग्ध समेत 10 लोग घायल हुए थे।
टक्सन पुलिस विभाग के अनुसार, गोलीबारी 19 जुलाई को स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 2 बजे शहर के डाउनटाउन स्थित एक भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई थी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने गोलियों की आवाज सुनते ही घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को भागते हुए देखा। अधिकारियों ने उसे कई बार रुकने का आदेश दिया, लेकिन स्थिति के दौरान एक वर्दीधारी अधिकारी ने उस पर गोली चला दी। इसके बाद टक्सन फायर डिपार्टमेंट के अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस ने घायल लोगों को मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
टक्सन पुलिस डिपार्टमेंट ने एक्स पर जारी पोस्ट में बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और कई घायलों का गंभीर चोटों के लिए उपचार चल रहा है। वहीं, टक्सन की मेयर रेजिना रोमेरो ने बयान जारी कर कहा, “पिछली रात, टक्सन में बंदूक से हिंसाकी एक और गंभीर और बेमतलब की घटना हुई।”
अधिकारियों ने अभी तक संदिग्ध और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। गोलीबारी के कारण और पीड़ितों की वर्तमान स्थिति को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।