दैनिक खबरनामा। सुजानपुर, 23 जून : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 15 वर्षीय छात्र ने कथित रूप से स्कूल में प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र सोमवार रात सुजानपुर के पटलांदर क्षेत्र में अपने किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। वह मूल रूप से कांगड़ा जिले के लंबागांव के भलूंदर क्षेत्र का निवासी था और आलमपुर स्थित एक निजी स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि स्कूल में विद्यार्थियों को डंडों से पीटा जाता है और बिना किसी वजह के परेशान किया जाता है। उसने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण वह बेहद परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
छात्र की मौत की खबर फैलते ही परिजनों, ग्रामीणों और अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर पहुंचे और स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रिंसिपल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
किराये के मकान में रहता था परिवार
बताया जा रहा है कि छात्र अपने माता-पिता के साथ पटलांदर में किराये के मकान में रहता था। उसके पिता सुजानपुर में एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता सिलाई का काम करती हैं।
प्रिंसिपल पुलिस हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए लंबागांव पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर सुजानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, परिजन और ग्रामीण भी थाना पहुंचे और मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।